तो क्या सलमान की इस बात की वजह से प्रियंका ने छोड़ दी थी भारत?
पिछले दिनों प्रियंका चोपड़ा, निक जोनस के साथ अपनी सगाई को लेकर काफी चर्चा में रहीं। प्रियंका की सगाई से पहले खबर थी कि वे सलमान खान की फिल्म भारत में काम करेंगी। लेकिन प्रियंका की सगाई की बात सामने आने के बाद भारत के डायरेक्टर अली अब्बास जफर का ट्वीट सामने आया जिसमें लिखा था कि प्रियंका अब इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। खबरों की मानें तो प्रियंका ने सलमान खान की फिल्म भारत को अपनी सगाई की वजह से छोड़ दिया था।
हालांकि बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रियंका ने एक और वजह से फिल्म भारत से अलग होने का फैसला किया था। फिल्म से जुड़े एक सोर्स के मुताबिक, प्रियंका को पता चला कि सलमान सेट पर लेट आते हैं और अपना काम लंच के बाद ही शुरू करते हैं। उन्हें ये भी पता चला कि सलमान की फिल्मों की लीड एक्ट्रेसेस ज़्यादातर अपने सीन्स को सलमान की अनुपस्थिति में ही शूट करती हैं। सोर्स के मुताबिक, प्रियंका को ये वर्क मोड पसंद नहीं आया। हॉलीवुड फिल्मों में जबरदस्त प्रोफेशनल वातावरण के चलते भी वे अपने काम को लेकर बेहद सजग हो गई हैं। यही कारण है कि उन्होंने फिल्म से खुद को अलग करने का फैसला किया।
गौरतलब है कि प्रियंका के भारत से अलग होने के बाद कैटरीना कैफ की एंट्री हुई थी। सलमान की इस मल्टीस्टारर फिल्म में कैटरीना के अलावा दिशा पाटनी, तब्बू, सुनील ग्रोवर, शशांक सनी अरोड़ा जैसे सितारे नज़र आएंगे। प्रियंका सलमान की फिल्म में काम नहीं कर रही हैं लेकिन वे तीन सालों के बाद सोनाली बोस की हिंदी फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ से बॉलीवुड में वापसी करने जा रही हैं। फिल्म में फरहान अख्तर और जायरा वसीम भी लीड किरदारों में हैं। इसके अलावा प्रियंका ने ऋतिक रोशन की कृष फ्रेंचाइज़ी को भी हरी झंडी दे दी है।